चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का दूसरा चरण 15 सितंबर से शुरू होगा

Ads

चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का दूसरा चरण 15 सितंबर से शुरू होगा

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 04:56 PM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 04:56 PM IST

देहरादून, एक सितंबर (भाषा) उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) ने मंगलवार को घोषणा की कि चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं का दूसरा चरण 15 सितंबर से शुरू होगा।

यूसीएडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि यह फैसला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के बाद लिया गया है।

उन्होंने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के आधार पर 15 सितंबर तक मानसून के कमजोर पड़ने और पीछे हटने की संभावना है। ऐसे में मौसम की स्थिति अपेक्षाकृत अनुकूल और हेलीकॉप्टर संचालन के लिए सुरक्षित रहने की उम्मीद है।

जैन ने कहा कि सुरक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के साथ समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी हेलीकॉप्टरों के लिए तय रखरखाव मानकों का अनुपालन और उन पर अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

उड़ानों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सहस्रधारा हेलीपोर्ट पर हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) इकाई स्थापित की गई है। एएआई अधिकारियों की निगरानी में सिरसी के पास सीतापुर में भी अस्थायी एटीसी संचालित किया जाएगा।

भाषा प्रचेता मनीषा

मनीषा