जम्मू कश्मीर के रियासी में वैष्णो देवी यात्रा मार्ग और भवन पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई

जम्मू कश्मीर के रियासी में वैष्णो देवी यात्रा मार्ग और भवन पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई

जम्मू कश्मीर के रियासी में वैष्णो देवी यात्रा मार्ग और भवन पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई
Modified Date: June 21, 2026 / 06:35 pm IST
Published Date: June 21, 2026 6:35 pm IST

जम्मू, 21 जून (भाषा) जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग और भवन क्षेत्र की सुरक्षा का व्यापक जायजा लिया। यह जानकारी पुलिस के एक प्रवक्ता ने दी।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मुकुंद टिबरेवाल ने कटरा स्थित सांझी छत क्षेत्र का भी दौरा किया और हेलिपैड तथा उसके आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

एसएसपी के साथ कटरा के पुलिस अधीक्षक कामेश्वर पुरी तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग पर समग्र सुरक्षा ढांचे की समीक्षा की।

प्रवक्ता के अनुसार, एसएसपी ने प्रवेश बिंदुओं का निरीक्षण किया और तीर्थयात्रियों की जांच, तलाशी प्रक्रिया तथा सामान स्कैनिंग प्रणाली की कार्यप्रणाली और तत्परता का आकलन किया।

उन्होंने यात्रा मार्ग पर तैनात सुरक्षा बलों की तैनाती और सतर्कता की भी समीक्षा की तथा भवन और यात्रा मार्ग पर तैनात कर्मियों के आवासीय सुविधाओं का निरीक्षण करके उनके रहने की स्थिति और कल्याण व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एसएसपी ने सभी जवानों को गर्मी के मौसम में तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उच्चतम स्तर की सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से यात्रा मार्ग पर नियमित और प्रभावी गश्त पर जोर दिया, ताकि किसी भी संभावित नापाक गतिविधि को रोका जा सके।

अधिकारी ने लगातार सतर्कता, सभी एजेंसियों के बीच समन्वय और नियमित सुरक्षा ऑडिट की आवश्यकता पर भी बल दिया ताकि हर साल लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

भाषा अमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में