हॉस्टल, पीजी की सुरक्षा ऑडिट मेरा पहला काम होगा: डूसू के नवनिर्वाचित अध्यक्ष यश डबास
हॉस्टल, पीजी की सुरक्षा ऑडिट मेरा पहला काम होगा: डूसू के नवनिर्वाचित अध्यक्ष यश डबास
नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष यश डबास ने शनिवार को कहा कि उनका पहला काम सभी कॉलेज हॉस्टल और पीजी का सुरक्षा ऑडिट कराना होगा, जबकि उपाध्यक्ष दीपांशु शौकीन ने सत्य निकेतन इमारत हादसे में मारे गए लोगों को न्याय दिलाने का वादा किया।
डबास ने कहा, “यह जीत सामाजिक सद्भाव, देशभक्ति और एकता की है।” राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने डूसू चुनाव में केंद्रीय पैनल के चार में से तीन पदों पर जीत हासिल की।
एनएसयूआई से टिकट न मिलने पर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने और 30,615 वोट पाकर जीतने वाले शौकीन ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उनकी प्राथमिकताएं तय हुईं।
उन्होंने कहा, “मेरी प्राथमिकता छात्रों के अधिकारों के लिए लड़ना और सत्य निकेतन घटना में जान गंवाने वालों के लिए न्याय की मांग करने की होगी। पैदल प्रचार के दौरान मुझे जिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, उससे मुझे दिल्ली विश्वविद्यालय के लगभग 1.5 लाख छात्रों की परेशानियों की याद आ गई, और मैं उनकी चिंताओं को दूर करने और उनके अधिकारों के लिए लड़ने का प्रयास करूंगा।”
बौद्ध अध्ययन विभाग से स्नातकोत्तर (एमए) कर रहे शौकीन, दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के बस संवाहक और आंगनवाड़ी शिक्षिका के बेटे हैं और पश्चिमी दिल्ली के पीरागढ़ी गांव के रहने वाले हैं।
अध्यक्ष पद की दौड़ में डबास को 24,576 मत मिले और उन्होंने एनएसयूआई के विजय शंकर मीणा को 2,053 मतों से हराया।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप

Facebook


