कॉजपा, युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर लुटियंस दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई

कॉजपा, युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर लुटियंस दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई

कॉजपा, युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर लुटियंस दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई
Modified Date: July 22, 2026 / 12:27 pm IST
Published Date: July 22, 2026 12:27 pm IST

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) नयी दिल्ली और अन्य जिलों में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) और युवा कांग्रेस के अलग-अलग विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर दिल्ली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और इसी के चलते लुटियंस दिल्ली इलाके में कड़े सुरक्षा इंतजाम रहेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कनॉट प्लेस, जंतर-मंतर, रफी मार्ग, संसद मार्ग और अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया जाएगा, जबकि दंगा-रोधी इकाइयां, त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) और रिजर्व बलों को तैयार रखा जाएगा।

सूत्रों ने कहा कि रणनीतिक स्थानों पर पहले ही अवरोधक लगा दिए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य निगरानी प्रणालियों के जरिये निगरानी बढ़ा दी गई है।

प्रदर्शनकारियों की आवाजाही को देखते हुए कनॉट प्लेस, जंतर-मंतर, रफी मार्ग और आसपास की सड़कों पर यातायात प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। यातायात पुलिस वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करेगी और जरूरत पड़ने पर मार्ग परिवर्तन किया जाएगा, ताकि लोगों को कम से कम असुविधा हो।

लुटियंस दिल्ली इलाके में महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों, संसद और अन्य प्रमुख प्रतिष्ठानों के आसपास भी सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। पुलिस दल रणनीतिक स्थानों पर वाहनों की जांच और तलाशी ले रहे हैं, जबकि मेट्रो स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

अधिकारियों ने कहा कि विरोध प्रदर्शनों से उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने आयोजकों और प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग करने की अपील की है।

भाषा प्रचेता मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में