मणिपुर में सुरक्षा बलों ने 21 अवैध बंकर नष्ट किए, 13 आईईडी बरामद

Ads

मणिपुर में सुरक्षा बलों ने 21 अवैध बंकर नष्ट किए, 13 आईईडी बरामद

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 11:36 AM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 11:36 AM IST

इंफाल, 12 अप्रैल (भाषा) मणिपुर के उखरुल जिले में सुरक्षा बलों ने 21 अवैध बंकर नष्ट कर दिए है। पुलिस ने रविवार को जारी बयान में यह जानकारी दी।

उखरुल जिले में हाल में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान की गोली लगने से मौत हो गई थी।

सुरक्षा बलों ने एक अलग अभियान में तेंगनौपाल जिले से 13 आईईडी भी बरामद किए।

बयान के अनुसार, सुरक्षा बलों ने शनिवार को लिटान थाना क्षेत्र के सिकिबंग गांव में 14 और मोंगकोट चेपु गांव में सात बंकर को नष्ट किया।

पुलिस ने बताया कि ये बंकर सशस्त्र उपद्रवियों द्वारा अवैध रूप से बनाए गए थे।

पुलिस के अनुसार, पश्चिम बंगाल के निवासी बीएसएफ के एक कांस्टेबल की हाल में मोंगकोट चेपु गांव के पास ड्यूटी के दौरान गोली लगने से मौत हो गई थी।

सुरक्षा बलों ने एक अन्य अभियान में शनिवार को तेंगनौपाल जिले के मोरेह क्षेत्र में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए।

अभियान के दौरान मैगजीन सहित 9 मिमी की दो पिस्तौल और 13 आईईडी बरामद किए गए। बयान में कहा गया है कि आईईडी को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी