असम के वरिष्ठ नेताओं ने अंतिम दिन नामांकन पत्र दाखिल किए

असम के वरिष्ठ नेताओं ने अंतिम दिन नामांकन पत्र दाखिल किए

असम के वरिष्ठ नेताओं ने अंतिम दिन नामांकन पत्र दाखिल किए
Modified Date: March 23, 2026 / 05:26 pm IST
Published Date: March 23, 2026 5:26 pm IST

गुवाहाटी, 23 मार्च (भाषा) असम विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन मंत्रियों, राज्य इकाई के अध्यक्षों, दल बदल करने वालों और पूर्व सांसदों समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।

भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राज्य में लगातार तीसरी बार चुनाव जीतने की कोशिश कर रहा है। राजग में असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) शामिल हैं।

मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस छह दलों के गठबंधन का नेतृत्व कर रही है, जिसमें राइजोर दल, मार्क्सवादी कांग्रेस पार्टी, असम जातीय परिषद, भाकपा(माले) लिबरेशन और ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस शामिल हैं।

अन्य पार्टियों जैसे तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) ने भी नौ अप्रैल को होने वाले चुनावों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं।

वर्तमान सरकार के मंत्रियों में शामिल एजीपी के अध्यक्ष अतुल बोरा ने अपने निर्वाचन क्षेत्र बोकाखत से नामांकन दाखिल किया। उनके साथ मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा भी मौजूद थे।

राज्य मंत्रिपरिषद में एजीपी के अन्य सदस्य केशव महंत ने भी कालियाबोर से नामांकन पत्र दाखिल किए। वह इस सीट से विधायक हैं और इस बार भी चुनाव लड़ रहे हैं।

चंद्र मोहन पटवारी ने तिहु, रनोज पेगू ने धेमाजी, बिमल बोराह ने टिंगखोंग और जयंत मल्ला बरुआ ने नलबाड़ी से अपने नामांकन दाखिल किए।

नामांकन पत्र दाखिल करने वाले भाजपा के अन्य उम्मीदवारों में पूर्व सांसद पल्लब लोचन दास (बिस्वनाथ), वर्तमान विधायक रुपज्योति कुर्मी (मारियानी) और मृणाल सैकिया (खुमताई) शामिल हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने जोरहाट क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल किए। वह इस क्षेत्र से वर्तमान विधायक हैं।

हाल ही में भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने भी बिहपुरिया सीट के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।

गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले कामरूप मेट्रोपोलिटन जिले की चार विधानसभा सीटों के लिए सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार – भाजपा के विजय गुप्ता (सेंट्रल गुवाहाटी), दीप्लु रंजन शर्मा (न्यू गुवाहाटी), प्रद्युत बोरदोलोई (दिसपुर) और एजीपी के तपन दास (डिमोरिया) – ने भी अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

कांग्रेस उम्मीदवारों में अंतिम दिन में अपने नामांकन दाखिल करने वालों में लोकसभा में विपक्ष के उपनेता गौरव गोगोई भी शामिल हैं, जो जोरहाट सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

रविवार रात कांग्रेस में शामिल होने के कुछ ही घंटों बाद, वर्तमान सरकार की कैबिनेट मंत्री नंदिता गर्लोसा ने हाफलोंग से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

कांग्रेस के गुवाहाटी क्षेत्र से उम्मीदवार – मीरा बोरठाकुर (दिसपुर), शांतनु बोराह (न्यू गुवाहाटी) और बिदिशा नेओग (जलुकबाड़ी) – ने भी अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

एजेपी उम्मीदवारों में कुंकी चौधरी (सेंट्रल गुवाहाटी) और जगदीश भुयान (सादिया) शामिल हैं। एआईयूडीएफ प्रमुख और पूर्व सांसद बदरुद्दीन अजमल ने भी बिन्नाकांडी क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल किए।

यह 2023 में निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के बाद होने वाला पहला विधानसभा चुनाव होगा। मतगणना चार मई को होगी।

निवर्तमान विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या 64 है, जबकि उसके सहयोगी एजीपी के नौ , यूपीपीएल के सात और बीपीएफ के तीन सदस्य हैं।

विपक्ष में, कांग्रेस के 26 विधायक, एआईयूडीएफ के 15 सदस्य और माकपा का एक विधायक है। एक विधायक निर्दलीय भी है।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश


लेखक के बारे में