जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग अभियान में सात मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग अभियान में सात मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
श्रीनगर/जम्मू, सात जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने रविवार को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत उधमपुर, सांबा, अनंतनाग और बारामूला जिलों में सात कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि उधमपुर जिले के डोमैल और रहम्बल क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर अमन शर्मा और हिलाल अहमद को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से क्रमशः 6.46 ग्राम और 2.34 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रवक्ता के अनुसार, सांबा जिले के विजयपुर क्षेत्र में एक जांच चौकी पर पुलिस ने एक निजी कार को रोका और उसकी तलाशी के दौरान चालक बिलाल अहमद शेख के कब्जे से 4.50 ग्राम हेरोइन बरामद की। शेख उत्तर कश्मीर के बांदीपोरा जिले का निवासी है।
इस बीच, पुलिस ने अनंतनाग और बारामूला जिलों में अलग-अलग कार्रवाई के दौरान चार अन्य कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया।
प्रवक्ता ने कहा कि अनंतनाग जिले में बिजबेहड़ा पुलिस थाने की एक टीम ने नियमित जांच के दौरान जाहिद अली डार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 113 ग्राम चरस बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि बारामूला जिले के सोपोर क्षेत्र में मॉडल टाउन ब्राथ लिंक रोड पर गश्त के दौरान पुलिस ने तीन कथित तस्करों अरसलान नबी जरगर, वसीम नबी वानी और जहूर अहमद शेख को गिरफ्तार किया।
प्रवक्ता ने कहा कि उनके कब्जे से मादक पदार्थ बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर जांच की जा रही है।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश

Facebook


