भारत में मेरा सोशल मीडिया खाता प्रतिबंधित: केजरीवाल

भारत में मेरा सोशल मीडिया खाता प्रतिबंधित: केजरीवाल

भारत में मेरा सोशल मीडिया खाता प्रतिबंधित: केजरीवाल
Modified Date: August 6, 2026 / 01:45 pm IST
Published Date: August 6, 2026 1:45 pm IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत में उनका इंस्टाग्राम खाता प्रतिबंधित कर दिया गया है और उन्होंने ऐसी ही समस्या का सामना कर रहे अन्य लोगों से उनसे संपर्क करने की अपील की।

केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मेटा के भारत स्थित कार्यालय में पूछताछ करने पर उन्हें पता चला कि उनका इंस्टाग्राम खाता प्रतिबंधित कर दिया गया है और यह भारत में उपलब्ध नहीं है।

केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा, ‘‘मुझे पता चला है कि जो लोग एथनॉल या प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ बोल रहे हैं, उनके सोशल मीडिया खातों को दबाया जा रहा है। यदि कोई और भी इसी समस्या का सामना कर रहा है तो कृपया मुझे संदेश भेजे।’’

इस मामले पर मेटा ने तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

केजरीवाल ने अपने खाते की स्थिति दिखाने वाला एक ‘स्क्रीनशॉट’ भी साझा किया, जिस पर लिखा था, ‘‘कुछ स्थानों पर उपलब्ध नहीं।’’

उन्होंने कंपनी की ओर से स्पष्ट जानकारी और जवाब न मिलने को ‘‘बेहद खराब सेवा’’ बताया और उससे कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के सामने मत झुकिए, अन्यथा वह आपको भारत में केवल अपना ही खाता चलाने देंगे।’’

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में