मानसून सक्रिय रहने के कारण पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान: आईएमडी
मानसून सक्रिय रहने के कारण पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान: आईएमडी
कोलकाता, छह अगस्त (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को मानसून के सक्रिय रहने और हवाओं के अनुकूल रुख के कारण सात अगस्त तक पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
आईएमडी के अनुसार, दक्षिण बंगाल के पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा बांकुड़ा जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है।
विभाग ने कहा कि कोलकाता, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, झाड़ग्राम, पुरुलिया और पश्चिम बर्धमान जिलों में शुक्रवार तक भारी बारिश हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार, उप-हिमालयी क्षेत्र के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में भी शुक्रवार तक भारी बारिश होने की संभावना है।
विभाग ने कहा कि पिछले दो दिनों से भारी बारिश झेल रहे तटीय जिलों में अगले दो दिनों के दौरान भी अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों में उत्तर 24 परगना जिले के बसीरहाट में राज्य में सबसे अधिक 111 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
इसी अवधि में, कोलकाता में 66 मिलीमीटर और पड़ोसी सॉल्ट लेक क्षेत्र में 62 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
विभाग के अनुसार, राज्य के अन्य स्थानों में कलाईकुंडा (77 मिमी), केनिंग (56 मिमी), सागर द्वीप (53 मिमी) और हल्दिया (52 मिमी) वर्षा हुई।
भाषा गोला सुभाष
सुभाष

Facebook


