केरल के वायनाड में शिगेला के सात और मामलों की पुष्टि हुई
केरल के वायनाड में शिगेला के सात और मामलों की पुष्टि हुई
वायनाड (केरल), 12 जून (भाषा) केरल के वायनाड जिले के एक स्कूल के छात्रों में शिगेला संक्रमण के सात और मामले सामने आए हैं जिससे इस इस बैक्टीरिया से संक्रमित बच्चों की कुल संख्या 16 हो गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
जिला चिकित्सा अधिकारी (डीएमओ) डॉ. के.टी. रेखा ने कहा कि वायनाड में संक्रामक रोगों की निगरानी और उनसे बचाव व रोकथाम के बारे में जागरूकता बढ़ाने वाली गतिविधियों को मजबूत किया गया है।
डीएमओ ने एक बयान में यह भी कहा कि जिन 16 बच्चों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, उनके स्वास्थ्य की स्थिति अभी ठीक है।
उन्होंने सलाह दी कि जिन बच्चों में संक्रमण के लक्षण दिखे हैं उन्हें दूसरों के संपर्क में सावधानी बरतनी चाहिए और कम से कम लोगों से मिलना चाहिए। साथ ही इस बीमारी को बच्चों से दूसरों और वयस्कों में फैलने से रोकने के लिए जरूरी सावधानियां बरती जानी चाहिए।
डीएमओ ने कहा कि नए लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य कर्मियों को सूचित किया जाना चाहिए और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर इलाज कराना चाहिए; साथ ही उन्होंने लोगों को खुद से दवा नहीं लेने की सलाह दी।
रेखा ने यह भी बताया कि लोगों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सावधानी और बचाव संबंधी निर्देशों का सख्ती से पालन करना चाहिए।
उन्होंने लोगों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और अपने आस-पास के माहौल व खाने-पीने की चीजों की सफाई सुनिश्चित करने के लिए भी आगाह किया।
केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने बृहस्पतिवार को कहा था कि तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और कोझिकोड जिलों से भी शिगेला के नए मामले सामने आए हैं, लेकिन उन्होंने भरोसा दिलाया कि अभी चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।
मंत्री ने यह भी कहा कि 11 जून तक 578 लोगों में बीमारी के लक्षण दिखे थे और 55 लोगों को राज्य के अलग-अलग सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
वायनाड में संक्रमित लोगों में से ज्यादातर एक सहायता प्राप्त स्कूल के छात्र हैं। मंत्री ने बताया कि स्कूल के कुएं के पानी में बैक्टीरिया की भारी मौजूदगी पाई गई है और इसे दूषित बताया गया है।
जिलाधिकारी ने बुधवार को शिगेला से प्रभावित और आस-पास के इलाकों में सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के लिए 14 जून तक अवकाश की घोषणा की थी।
शिगेला बैक्टीरिया जनित संक्रामक रोग है जिससे दस्त, बुखार और पेट में ऐंठन होती है। यह मुख्य रूप से दूषित भोजन या पानी और संक्रमित लोगों के संपर्क में आने से फैलता है।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा

Facebook


