कोझिकोड (केरलम), 27 सितंबर (भाषा) केरलम के मंत्री के. एम. शाजी ने रविवार को अपने आधिकारिक वाहन के तौर पर एक दोस्त की रेंज रोवर का इस्तेमाल करने का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने किसी भी मौजूदा नियम का उल्लंघन नहीं किया है।
शाजी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि रेंज रोवर उस दोस्त की है, जिसे वह तब से जानते हैं जब वह अझिकोड से विधायक थे। शाजी को उस गाड़ी के इस्तेमाल और दोस्तों के खर्च पर की गई विदेश यात्रा को लेकर विपक्ष की आलोचना का सामना करना पड़ा था।
उन्होंने कहा, “यह कुछ लोगों की सोच की समस्या है, जो मानते हैं कि कोई भी काम बदले में किसी फायदे की उम्मीद में ही किया जाता है।”
शाजी ने कहा कि मंत्रियों द्वारा गाड़ियों का इस्तेमाल सरकारी आदेशों के तहत होता है और उन्होंने 23 मई, 2026 को सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी एक आदेश का ज़िक्र किया।
उन्होंने कहा कि 2011, 2016 और 2021 में भी ऐसे ही आदेश जारी किए गए थे।
स्थानीय स्व-शासन मंत्री के अनुसार, नियमों में मंत्री की गाड़ी के लिए तय नंबर के बारे में बताया गया था, जबकि गाड़ी पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के मामले में ‘भारतीय ध्वज संहिता’ लागू होती है।
उन्होंने कहा, “मंत्री जिस गाड़ी में सफर करते हैं, वह मंत्री की गाड़ी होती है।” उन्होंने आगे कहा कि ऐसा कोई नियम नहीं है, जिसके तहत मंत्री की गाड़ी का सरकारी होना जरूरी हो।
शाजी ने कहा कि मंत्रियों को निजी कामों के लिए सरकारी सुविधाओं का गलत इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, लेकिन सरकारी कामों के लिए अपनी निजी गाड़ी का इस्तेमाल करने में कोई बुराई नहीं है।
भाषा प्रशांत सुरेश
सुरेश