शर्मा सबसे भ्रष्ट, असम में हमारा गठबंधन बहुमत हासिल करेगा: खरगे
शर्मा सबसे भ्रष्ट, असम में हमारा गठबंधन बहुमत हासिल करेगा: खरगे
( तस्वीर सहित )
गुवाहाटी, सात अप्रैल (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को दावा किया कि असम विधानसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन 126 सीटों में से 72-73 सीटें जीतकर सरकार बनाएगा।
उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में यह भी कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा भारत में ‘‘सबसे भ्रष्ट’’ नेता हैं तथा उनके खिलाफ लगे आरोपों पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत को टिप्पणी करनी चाहिए।
खरगे ने दावा किया, ‘कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन असम में अगली सरकार बनाने जा रहा है। हम 72-73 सीटें जीतेंगे।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री शर्मा पर निशाना साधा।
खरगे ने आरोप लगाया, ‘भारत में कोई भी मुख्यमंत्री उनके जैसा अहंकारी नहीं है। हिमंत विश्व शर्मा केवल अपने परिवार के विकास के लिए काम कर रहे हैं। वह चाय, स्कूल, कोयला, अंडा, जमीन, सुपारी, हर चीज में सिंडिकेट चला रहे हैं।’
उन्होंने दावा किया कि शर्मा के कैबिनेट का हर सदस्य ‘भ्रष्ट’ है और उन सभी के पास ‘हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति’ है।
खरगे ने कहा, ‘मैं असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों पर मोहन भागवत की प्रतिक्रिया चाहता हूं। मैं प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से अपनी प्रतिक्रिया देने का अनुरोध करता हूं।’’
शर्मा की पत्नी के पास तीन विदेशी पासपोर्ट होने और विदेश में संपत्ति होने के कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सभी एजेंसियां केंद्र सरकार के अधीन हैं, जिन्हें आरोपों की जांच करनी चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘उन्होंने (पुलिस ने) पहले ही खेड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उन्हें मामले की जांच करने दीजिए। जैसे-जैसे मामला आगे बढ़ेगा, हम उसका सामना करेंगे।’
खरगे ने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कांग्रेस नेता राहुल गांधी या गांधी परिवार के बारे में बात करने का ”कोई अधिकार नहीं” है, जिनके सदस्यों ने देश को एकजुट करने के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया है।
कांग्रेस पर अल्पसंख्यकों का तुष्टीकरण करने संबंधी आरोपों को लेकर उन्होंने कहा, ‘जिनके पास कम दिमाग है वे कांग्रेस को मुस्लिम समर्थक और पाकिस्तान समर्थक कहते हैं।’
भाषा हक
हक मनीषा
मनीषा

Facebook


