हिप्र: शिमला-कालका रेलमार्ग के एक हिस्से में पटरी के नीचे की मिट्टी खिसकी, ‘टॉय ट्रेन’ रद्द

Ads

हिप्र: शिमला-कालका रेलमार्ग के एक हिस्से में पटरी के नीचे की मिट्टी खिसकी, ‘टॉय ट्रेन’ रद्द

  •  
  • Publish Date - August 30, 2026 / 08:45 PM IST,
    Updated On - August 30, 2026 / 08:45 PM IST

शिमला, 30 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के बीच शिमला-कालका छोटी लाइन पर चलने वाली 10 ट्रेन रद्द कर दी गईं। यह फैसला सोलन जिले में रेलवे पटरी के एक हिस्से के आसपास की मिट्टी बह जाने के बाद लिया गया। यह रेल मार्ग यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है।

अधिकारियों ने बताया कि कोटी और गुम्मन रेलवे स्टेशनों के बीच मिट्टी खिसकने से पटरी का एक हिस्सा बिना आधार के हवा में नजर आया। इस स्थिति को देखते हुए रेलवे ने शनिवार रात से इस मार्ग पर चलने वाली ‘टॉय ट्रेन’ का संचालन रोक दिया।

शिमला रेलवे स्टेशन के अधीक्षक संजय गेवर ने बताया कि रविवार को कालका और शिमला के बीच चलने वाली 10 ट्रेन को रद्द कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पटरी को सुरक्षित किए जाने और उसकी स्थिति का आकलन करने के बाद ही रेल सेवाएं बहाल करने पर विचार किया जाएगा।

रेलवे की ओर से जारी एक अधिसूचना के अनुसार, कोटी और गुम्मन के बीच पुल संख्या 57 के पास पटरी के आसपास की मिट्टी बह गई।

‘टॉय ट्रेन’ सेवा रद्द होने से पहले से टिकट बुक करा चुके यात्रियों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ा। इसका असर शिमला रेलवे स्टेशन पर भी दिखाई दिया। आमतौर पर सप्ताहांत में पर्यटकों और यात्रियों की भीड़ से गुलजार रहने वाला स्टेशन इस रविवार अपेक्षाकृत शांत नजर आया।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के बीच रविवार सुबह तक राज्य में कुल 64 सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहीं। मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक भारी बारिश होने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

राज्य में बारिश के कारण 225 बिजली ट्रांसफॉर्मर और नौ पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।

राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, मंडी में सबसे अधिक 24 सड़कें, कुल्लू में 16, कांगड़ा और सिरमौर में सात-सात, ऊना में चार, शिमला में तीन, चंबा में दो और लाहौल-स्पीति जिले में एक सड़क बंद है।

शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने 31 अगस्त से तीन सितंबर (सोमवार से बृहस्पतिवार) तक हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है।

राज्य के कुछ हिस्सों में शनिवार शाम से हल्की से मध्यम बारिश हो रही है।

धौलाकुआं में 38.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद घाघस में 30 मिमी, पालमपुर में 23.8 मिमी, मुरारी देवी में 22 मिमी, काहू में 11.6 मिमी और पंडोह में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बताया कि सुंदरनगर और मुरारी देवी में गरज के साथ बारिश हुई और आकाशीय बिजली चमकी।

अधिकारियों के अनुसार, 30 जून को मानसून के आगमन से अबतक बारिश से जुड़ी घटनाओं में करीब 103 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि राज्य को 1,184 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

भाषा संतोष सुरेश

सुरेश