मुख्यमंत्री के तौर पर एक माह पूरा करने के बाद शिवकुमार ने सपरिवार सिद्धरमैया से भेंट की
मुख्यमंत्री के तौर पर एक माह पूरा करने के बाद शिवकुमार ने सपरिवार सिद्धरमैया से भेंट की
बेंगलुरु, तीन जुलाई (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में एक माह पूरा करने के बाद डी के शिवकुमार ने शुक्रवार को यहां अपने पूर्ववर्ती सिद्धरमैया से भेंट की तथा उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन लिया।
अपनी पत्नी उषा और भाई डी.के. सुरेश के साथ शिवकुमार यहां वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिद्धरमैया से मिलने उनके आवास पर पहुंचे तथा साथ में नाश्ता किया।
शिवकुमार ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कर्नाटक के मुख्यमंत्री के तौर पर अपना एक माह पूरा होने पर, मुझे अपने परिवार के साथ श्री सिद्धरमैया से मिलने का सौभाग्य मिला।’’
उन्होंने ‘एक्स’ पर इस मुलाकात की तस्वीरें भी साझा कीं।
शिवकुमार ने लिखा, ‘‘सिद्धरमैया के नेतृत्व, अनुभव और कर्नाटक की जनता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता ने हमारे राज्य की विकास यात्रा को मजबूत किया है। हम एक मज़बूत और प्रगतिशील कर्नाटक बनाने की दिशा में पूरी लगन से जुटे हैं, ऐसे में मेरे लिए उनके मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद की बड़ी अहमियत है।’’
बाद में सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार आज अपनी पत्नी श्रीमती उषा और अपने भाई डी के सुरेश के साथ मेरे घर आए। हमने साथ में नाश्ता किया और बातचीत की।’’
शिवकुमार ने तीन जून को 13 मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने सिद्धरमैया की जगह ली जिन्होंने कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
इसके साथ ही सिद्धरमैया के साथ लंबे समय तक चले सत्ता संघर्ष के बाद आठ बार के विधायक शिवकुमार का मुख्यमंत्री बनने का सपना पूरा हो गया। सिद्धरमैया के मुख्यमंत्री रहने के दौरान शिवकुमार उपमुख्यमंत्री थे।
कर्नाटक में मई 2023 में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद, मुख्यमंत्री पद के लिए सिद्धरमैया और शिवकुमार (जो उस समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थे) के बीच कड़ा मुकाबला था। तब पार्टी ने मुख्मयंत्री पद के लिए सिद्धरमैया को चुना था और शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री पद स्वीकार करने के लिए मना लिया था।
भाषा राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


