राम मंदिर चढ़ावा ‘चोरी’ मामले के बाद शिवकुमार का मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का आदेश
राम मंदिर चढ़ावा 'चोरी' मामले के बाद शिवकुमार का मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का आदेश
बेलगावी (कर्नाटक), नौ जुलाई (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने पूरे राज्य में हिंदू धार्मिक संस्थान एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग से जुड़े सभी प्रमुख मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का बृहस्पतिवार को अधिकारियों को निर्देश दिया।
यह निर्देश अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोपों के मद्देनजर जारी किया गया है।
शिवकुमार ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे चौबीसों घंटे चालू रहने चाहिए और मंदिर परिसर के सभी हिस्सों को कवर करें, जिनमें चढ़ावे की राशि एकत्र करने और उसकी गिनती किए जाने वाले स्थान भी शामिल हों।
शिवकुमार ने कहा, ‘‘राम मंदिर में हाल में जो घटनाक्रम सामने आया है, वह हम सभी के लिए अपमानजनक है। आप सभी ने श्रद्धा से मंदिर के लिए ईंटें, धन, सोना और चांदी दान किए हैं। लेकिन वहां हुई बड़ी चोरी मानसिक रूप से आहत करने वाली है। धर्म के नाम पर वहां जो कुछ हुआ, उसकी सभी को जानकारी है।’’
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि एहतियात के तौर पर राज्य के हिंदू धार्मिक संस्थान एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग से जुड़े सभी मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘मंदिर में प्राप्त चढ़ावे की राशि की गिनती, ताले खोलने और बंद किए जाने सहित हर गतिविधि कैमरे में रिकॉर्ड होनी चाहिए। कैमरे चौबीसों घंटे चालू रहने चाहिए। अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।’’
भाषा अमित सुरेश
सुरेश

Facebook


