गंगटोक, 10 जून (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने राज्य के लोगों से अपील की है कि वे 14 जून को आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘हर घर योग’ पहल में हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मकसद देश भर में लोगों की भागीदारी के ज़रिए ‘गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ बनाना है।
मंगलवार को जारी एक बयान में, मुख्यमंत्री ने लोगों से ‘हैबिल्ड ऑनलाइन योग रजिस्ट्रेशन’ मंच के ज़रिए पंजीकरण कराने और अभियान का हिस्सा बनने की अपील की। इसे उन्होंने ‘‘राष्ट्रीय आंदोलन’’ बताया।
तमांग ने कहा, ‘‘मैं सिक्किम के लोगों से अपील करता हूं कि वे ‘हैबिल्ड ऑनलाइन योग रजिस्ट्रेशन’ पहल के ज़रिए उत्साह के साथ हिस्सा लें और पंजीकरण कराएं। हमारी सक्रिय भागीदारी सिक्किम को इस राष्ट्रीय आंदोलन में गर्व के साथ योगदान देने वाला राज्य बनाएगी।’’
बयान के अनुसार, पंजीकरण कराने वालों को ऑनलाइन योग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 14 जून को एक विशिष्ट लिंक मिलेगा।
यह कार्यक्रम 14 जून को सुबह 6.15 बजे ‘योग: दुनिया को भारत का उपहार’ थीम के तहत आयोजित किया जाएगा।
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल