सिक्किम के मुख्यमंत्री ने जेईई-नीट अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त कोचिंग की शुरुआत की

सिक्किम के मुख्यमंत्री ने जेईई-नीट अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त कोचिंग की शुरुआत की

सिक्किम के मुख्यमंत्री ने जेईई-नीट अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त कोचिंग की शुरुआत की
Modified Date: September 5, 2026 / 09:18 pm IST
Published Date: September 5, 2026 9:18 pm IST

गंगटोक, पांच सितंबर (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने जेईई-नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों को मुफ्त में कोचिंग की सुविधा प्रदान करने के लिए शनिवार को ‘सीएम-साथी’ पहल शुरू करने की घोषणा की।

संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) का आयोजन इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश के लिए किया जाता है, जबकि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का आयोजन चिकित्सा कॉलेजों में प्रेवश के लिए किया जाता है।

यहां शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने ‘लॉन्च पैड’ योजना भी शुरू की।

इसके तहत केंद्र सरकार तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) की भर्ती परीक्षाओं की तैयारी में जुटे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों, दिव्यांगजनों और अनाथ युवाओं को एकमुश्त 10,000 रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी।

तमांग ने छात्रों और शिक्षकों के बीच तंदुरुस्ती और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए हर साल राज्य स्तरीय ‘शिक्षक दौड़’ और ‘अंतर विद्यालयी एवं कॉलेज दौड़’ आयोजित करने की घोषणा की।

‘सीएम-साथी’ पहल आईआईटी कानपुर के सहयोग से शुरू की गई है। इसके तहत गरीब परिवारों के छात्रों को इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए दो महीने का क्रैश कोर्स कराया जाएगा।

तमांग ने कहा कि इस संबंध में प्रस्ताव को राज्य मंत्रिमंडल ने कल मंजूरी दे दी थी।

तमांग ने कहा, ‘‘वर्ष 2025-26 में राज्य के कुल व्यय का लगभग 15 प्रतिशत शिक्षा पर खर्च किया गया। हम सिक्किम को शिक्षा का केंद्र बनाने के अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बेहद गर्व की बात है कि 27 मई, 2026 को सिक्किम को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया, जो राज्य की शैक्षणिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

तमांग ने पीएम श्री राजकीय माध्यमिक विद्यालय, डिकलिंग में रसायन विज्ञान की शिक्षिका सुषमा तमांग को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 प्राप्त करने पर बधाई दी।

उन्होंने धन कुमार गुरुंग और सुदीप सुब्बा को राष्ट्रीय स्तर पर सिक्किम का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित होने पर तथा किंजांग दोरजी भूटिया और थिनले नामग्याल भूटिया को शैक्षिक प्रशासन में नवाचार के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर बधाई दी। इस अवसर पर 12 शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

भाषा संतोष रंजन

रंजन


लेखक के बारे में