दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल), 13 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) एक ‘प्रमुख मुद्दा’ है और जनता ने राज्य से घुसपैठियों को बाहर निकालने का संकल्प लिया है।
पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में अपने रोड शो के दौरान ‘पीटीआई वीडियो’ से बातचीत में शाह ने कहा कि बंगाल में राजनीतिक हिंसा की जिम्मेदारी केवल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पर है। अभिषेक तृणमूल कांग्रेस के महासचिव हैं।
शाह ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल के लिए एसआईआर वाकई एक बड़ा मुद्दा है। क्या इस देश में विदेशी मतदाताओं को होना चाहिए? भारत कोई धर्मशाला नहीं है। घुसपैठियों को बाहर निकालना होगा। ममता बनर्जी चाहे कुछ भी कहें, जनता ने इस बार राज्य से घुसपैठियों को निकालने का संकल्प लिया है।’’
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव के बाद बंगाल में निश्चित रूप से सरकार बनाएगी। शाह ने कहा, ‘‘देश में अब सिर्फ एक ही राज्य बचा है जहां राजनीतिक हिंसा सबसे आम है, और इसके लिए ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ही जिम्मेदार हैं।’’
रोड शो के दौरान सड़कों पर उमड़ी भीड़ की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘लोगों की उपस्थिति देखिए। इस बार चुनाव के दिनों में तृणमूल कांग्रेस के गुंडे अपने घरों से बाहर भी नहीं निकल पाएंगे।’’
भाषा आशीष नरेश
नरेश