झारखंड में अप्रैल में शुरू होगी एसआईआर की प्रक्रिया : मुख्य निर्वाचन अधिकारी

Ads

झारखंड में अप्रैल में शुरू होगी एसआईआर की प्रक्रिया : मुख्य निर्वाचन अधिकारी

  •  
  • Publish Date - March 2, 2026 / 07:04 PM IST,
    Updated On - March 2, 2026 / 07:04 PM IST

रांची, दो मार्च (भाषा) झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने सोमवार को कहा कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया अप्रैल में शुरू होगी।

उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया एक ही चरण में पूरी की जाएगी।

के. रवि कुमार ने रांची में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों के अनुसार राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया अप्रैल में शुरू होगी और इससे संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।’’

उन्होंने बताया कि पहले चरण में बिहार में एसआईआर की यह प्रक्रिया की गयी, उसके बाद दूसरे चरण में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह प्रक्रिया की गयी। तीसरे चरण में देश के शेष सभी राज्यों को शामिल किए जाने की संभावना है।

कुमार ने कहा कि मुख्य निर्वाचन कार्यालय, झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) के सहयोग से, दो सितंबर को ‘मतदाता पंजीकरण और मतदाता रजिस्टर’ पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का संयुक्त रूप से आयोजन करेगा।

झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा, ‘‘ इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न लोकतांत्रिक देशों, देश भर के विश्वविद्यालयों, शिक्षाविदों और चुनाव संबंधी विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के विचारों को संकलित करके मतदाता पंजीकरण और मतदाता सूचियों पर एक व्यापक रिपोर्ट तैयार करना है।’’

कुमार ने कहा कि भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम)-रांची, एनयूएसआरएल रांची और सेंट जेवियर्स कॉलेज इसमें शामिल होंगे और सामूहिक रूप से अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में योगदान देंगे।

भाषा रवि कांत दिलीप

दिलीप