कोलकाता, 21 सितंबर (भाषा) कोलकाता के कस्बा इलाके में स्थित एक शॉपिंग मॉल के मल्टीप्लेक्स (सिनेमाघर) में एक दंपति से दुर्व्यवहार करने के आरोप में छह युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बांसद्रोणी के रहने वाले चिकित्सक दंपति ने रविवार देर शाम हुई इस घटना के बाद कस्बा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शराब के नशे में धुत युवकों ने महिला पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
उन्होंने बताया कि जब महिला ने उनके इस आचरण का विरोध किया, तो दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।
महिला का आरोप है कि घटना के समय युवकों की कई महिला मित्र भी वहां मौजूद थीं।
अधिकारी के अनुसार, बाद में उन लोगों ने दंपति पर ही छेड़छाड़ का आरोप लगा दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया।
स्थिति बिगड़ती देख मल्टीप्लेक्स के कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया और पुलिस को सूचना दी। इसके कुछ ही देर बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच गई।
यह भी आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी युवक दंपति के साथ अभद्रता करते रहे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान आनंद कुमार, सुरेश कुमार, अरविंद कुमार, सृजन दरबार, मनोज रॉय और अरिंदम घोष के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश