नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली ने “उभरती स्वास्थ्य प्रौद्योगिकियां और पीएसयू शिखर सम्मेलन” विषय पर अपने दूसरे सीएसआर (कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व) सम्मेलन का आयोजन किया, जिसमें 150 से अधिक दिग्गज और उद्योग पेशेवर एकत्र हुए।
संस्थान के कॉरपोरेट संबंध कार्यालय द्वारा आयोजित इस सम्मेलन ने आईआईटी दिल्ली की अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी क्षमताओं को प्रदर्शित करने, उद्योग व शिक्षा जगत के बीच साझेदारी को मजबूत करने तथा राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को संबोधित करने वाले अनुसंधान एवं नवाचार के लिए सीएसआर व सार्वजनिक क्षेत्र से सहयोग के अवसरों को तलाशने का मंच प्रदान किया।
इस कार्यक्रम में सीएसआर फाउंडेशनों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू), सरकारी संगठनों और शिक्षा जगत के विशेषज्ञ शामिल हुए।
संस्थान ने एक बयान में कहा, “ ‘उभरती स्वास्थ्य प्रौद्योगिकियां’ विषय पर सत्र में जैविक विज्ञान, बायोमेडिकल इंजीनियरिंग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) सहित विभिन्न क्षेत्रों में आईआईटी दिल्ली के अनुसंधान को रेखांकित किया गया। संकाय सदस्यों ने चिकित्सीय पद्धतियों व टीकों, अगली पीढ़ी की स्वास्थ्य तकनीकों, स्वास्थ्य क्षेत्र में एआई, और नैदानिक उपकरणों व ‘इम्प्लांट्स’ पर अपने शोध प्रस्तुत किए।”
भाषा सुमित प्रशांत
प्रशांत