अमृतसर में थाने पर ग्रेनेड हमले के मामले में छह आरोपी गिरफ्तार

Ads

अमृतसर में थाने पर ग्रेनेड हमले के मामले में छह आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 01:19 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 01:19 PM IST

चंडीगढ़, 13 अप्रैल (भाषा) पंजाब के अमृतसर जिले के भिंडी सैदा थाने पर पिछले महीने हुए ग्रेनेड हमले के सिलसिले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

थाने में 29 और 30 मार्च की दरमियानी रात घटी इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सोमवार को कहा, ‘‘एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिला अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने भिंडी सैदा थाने पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले को जिला फरीदकोट पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में सुलझा लिया है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और दो पिस्तौल बरामद की हैं।’’

डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस मॉड्यूल को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का समर्थन प्राप्त था।

उन्होंने बताया कि आरोपी विदेश से संचालित होने वाले, पाकिस्तान स्थित एक आका के संपर्क में थे। यह आका पंजाब में आतंकी गतिविधियों का निर्देशन कर रहा था।

डीजीपी ने कहा, ‘‘इसी साल 29 और 30 मार्च की दरमियानी रात आरोपियों ने हथगोले लेकर टोह ली और हमला किया। इस मॉड्यूल को कट्टरपंथी बना दिया गया था और पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए प्रेरित किया गया था, हमले को अंजाम देने के लिए भारी वित्तीय पुरस्कारों का वादा भी किया गया था।’’

यादव ने बताया कि विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा