कोलकाता, आठ अगस्त (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी सुमित रॉय से पश्चिम बंगाल सीआईडी ने शनिवार को करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। यह पूछताछ पश्चिम मेदिनीपुर जिले में सरकारी जमीन धोखाधड़ी मामले के सिलसिले में की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के अधिकारियों ने रॉय से जांच एजेंसी के मुख्यालय भवानी भवन में पूछताछ की। उच्चतम न्यायालय ने जांच में सहयोग करने की शर्त पर उन्हें 14 अगस्त तक गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण प्रदान किया है।
सीआईडी के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमारे अधिकारियों ने उनसे कई घंटों तक पूछताछ की। जांच अभी शुरुआती चरण में है और इस समय कुछ भी साझा नहीं किया जा सकता।’’
रॉय सुबह जांच एजेंसी के समक्ष पेश हुए थे और रात करीब आठ बजकर 20 मिनट पर मुख्यालय से बाहर निकले।
जब अधिकारी से पूछा गया कि क्या रॉय को सीआईडी जांचकर्ताओं के सामने दोबारा पेश होना होगा, तो उन्होंने कहा कि यह मामले की जरूरतों पर निर्भर करेगा।
सीआईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पूर्व में कहा था कि एजेंसी रॉय के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और सबूतों के आधार पर दावों का सत्यापन करेगी।
अधिकारी ने कहा था, ‘‘हम आरोपों की जांच कर रहे हैं और सभी संबंधित दस्तावेज जुटा रहे हैं। हर आरोप का सत्यापन सबूतों के आधार पर किया जाएगा और उसके बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’
उच्चतम न्यायालय ने रॉय को जांच में सहयोग करने और जरूरत पड़ने पर सुबह 10 बजे से शाम छह बजे के बीच पूछताछ के लिए उपलब्ध रहने का निर्देश दिया था।
अदालत ने यह भी निर्देश दिया था कि पूछताछ के दौरान उनके साथ कोई वकील या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं रहेगा।
सालबनी भूमि धोखाधड़ी मामले में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सुजय हाजरा की गिरफ्तारी के बाद सीआईडी रॉय की तलाश कर रही थी।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप