नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को लेकर शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बदले रुख का शनिवार को स्वागत किया।
रीजीजू ने कहा कि सभी पार्टियों को सीटों के निष्पक्ष और समान सीमांकन के जरिये महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए एक साथ आना चाहिए।
रीजीजू की यह प्रतिक्रिया शनिवार को शिअद की इस मांग के बाद आई कि संसद महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को तुरंत पारित करे, ताकि इन्हें बिना किसी और देरी के लागू किया जा सके।
शिअद ने परिसीमन के मुद्दे पर अपना बदला हुआ रुख ऐसे समय में जाहिर किया, जब दिल्ली में शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हुई मुलाकात के बाद सियासी हलकों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ उसकी सुलह की अटकलें तेज हो गई हैं।
रीजीजू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मैं शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से पेश की गई मिसाल का अनुसरण करते हुए शिरोमणि अकाली दल द्वारा लिए गए इस बेहद महत्वपूर्ण फैसले का तहेदिल से स्वागत करता हूं।”
उन्होंने लिखा, “हमें सीटों के निष्पक्ष और समान सीमांकन के जरिये महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए एकजुट होना चाहिए, ताकि उन्हें बराबर का प्रतिनिधित्व मिल सके।”
भाषा पारुल रंजन
रंजन