झारखंड के तीन जिलों में सड़क हादसों में छह लोगों की मौत
झारखंड के तीन जिलों में सड़क हादसों में छह लोगों की मौत
रांची, एक जुलाई (भाषा) झारखंड के तीन जिलों में हुए सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
ये हादसे साहिबगंज, गुमला और जामताड़ा जिलों में हुए तथा प्रत्येक जिले में दो-दो लोगों की मौत हुई।
एक अधिकारी ने बताया कि साहिबगंज में मंगलवार देर रात जामनगर बंगालीपाड़ा के पास एक ई-रिक्शा और चार पहिया वाहन की आमने-सामने की टक्कर में एक पुरुष एवं एक महिला की मौत हो गई तथा चार अन्य लोग घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अधिकारी ने बताया, ‘‘ई-रिक्शा में सवार आयुसुद्दीन शेख (45) और नूर बहार बीबी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बानू टोला चुआर के निवासी थे। यास्मीन खातून (26), रहीम शेख (45), तफनारा बीबी (55) और ई-रिक्शा चालक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।’’
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गुमला में बुधवार को एक मोटरसाइकिल के पेड़ से टकरा जाने से उस पर सवार गुरुदत्त उरांव (40) और उनकी पत्नी लक्ष्मी उरांव (38) की मौत हो गई।
जामताड़ा में गोविंदपुर-साहिबगंज राज्य राजमार्ग पर एक मोटरसाइकिल और पिकअप वैन की आमने-सामने की टक्कर में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई।
नारायणपुर थाने के प्रभारी मुराद हसन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मृतकों की पहचान मुशर्रफ अंसारी (24) और कुतबुल अंसारी (22) के रूप में हुई है। दोनों बुटबेरिया गांव के निवासी थे।’’
भाषा
सिम्मी वैभव
वैभव

Facebook


