Lok Sabha Chunav 2024: मंडी में लगे कंगना गो बैक के नारे, दिखाए गए काले झंडे, चुनाव आयोग पहुंचे भाजपा नेता

मंडी में लगे कंगना गो बैक के नारे, दिखाए गए काले झंडे, Slogans of Kangana go back raised in the market, black flags shown

Lok Sabha Chunav 2024: मंडी में लगे कंगना गो बैक के नारे, दिखाए गए काले झंडे, चुनाव आयोग पहुंचे भाजपा नेता
Modified Date: May 21, 2024 / 12:45 am IST
Published Date: May 20, 2024 9:24 pm IST

शिमला: हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार एवं अभिनेत्री कंगना रनौत को सोमवार को लाहौल-स्पीति के काजा में स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए। भाजपा की हिमाचल प्रदेश इकाई ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के पास शिकायत दर्ज करा निर्वाचन अधिकारियों के तबादले और घटना की जांच की मांग की कि आखिर भाजपा और कांग्रेस दोनों को बिल्कुल पास में ही रैलियां करने की अनुमति कैसे दे दी गई? कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कंगना के विरोध में नारे लगाए-‘‘कंगना, वापस जाओ, कंगना वंगना नहीं चलेगी’’। वे जाहिर तौर पर पिछले साल अप्रैल में तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा पर की गई उनकी टिप्पणी से नाराज हैं।

रनौत ने दलाई लामा को लेकर एक ‘मीम’ सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा था, ‘‘व्हाइट हाउस में दलाई लामा का गर्मजोशी से स्वागत किया गया’’। पोस्ट के साथ एक तस्वीर भी साझा की गई जिसमें छेड़छाड़ कर दलाई लामा को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ जीभ बाहर निकालते हुए दिखाया गया। इसके साथ ही तस्वीर पर टिप्पणी की- दोनों को एक ही बीमारी है, निश्चित रूप से इसीलिए दोनों दोस्त हो सकते हैं। बाद में उन्होंने माफी मांगते हुए कहा कि उनका इरादा किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था और यह बाइडन की दलाई लामा के साथ दोस्ती के बारे में महज एक मजाक था।

Read More : CG Ki Baat: स्पेशल-11 का टारगेट फिक्स.. Congress को कितना रिस्क? जानें कुमारी सैलजा की नई रणनीति? 

भाजपा के खातिर प्रचार के लिए रनौत के साथ काजा गए हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की बैठक में खलल डालने की कोशिश की और जब वे लौट रहे थे तो उनके काफिले पर पथराव किया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पहली बार ऐसा हुआ है, यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस को उसी स्थान पर रैली करने की अनुमति दी गई, जहां भाजपा को रैली आयोजित करने के लिए पहले ही अनुमति दी जा चुकी थी। हमारी रैली में खलल डालने की कोशिश की गई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शर्मनाक नारे लगाए, हमारे काफिले को रोका गया और पथराव किया जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।’’

Read More : मंगलवार के दिन इन राशियों को मिलेगा बजरंगबली का आशीर्वाद, दूर हो जाएंगे सभी कष्ट, हर मनोकामना होगी पूर्ण 

ठाकुर ने कहा कि वह पूरे राज्य में प्रचार के लिए जाते हैं लेकिन ऐसी हरकत पहली बार हुई है जो कांग्रेस की ‘‘हताशा’’ को दर्शाती है। हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास दायर एक शिकायत में भाजपा के राज्य कार्यालय सचिव प्रमोद कुमार ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर राजनीतिक जुलूस को अवैध तरीके से रोकने की कोशिश की तथा पथराव भी किया। उन्होंने घटना की जांच की मांग की। उन्होंने कहा, ‘‘जिला प्रशासन ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए राज्य सरकार के प्रभाव में काजा में भाजपा की राजनीतिक बैठक आयोजित करने के लिए पहले से निर्धारित स्थान के नजदीक में कांग्रेस को राजनीतिक बैठक आयोजित करने की अनुमति दे दी।’’ शिकायत में, भाजपा ने लाहौल और स्पीति से निर्वाचन अधिकारियों के तत्काल तबादले की मांग की और कहा कि एक ही समय में एक ही स्थान पर दोनों दलों को अनुमति देना एक ‘‘बड़ी चूक’’ है।

Read More : Face To Face Madhya Pradesh: बेलगाम बागियों से.. Congress को डर लगता है! पार्टी में भितघातियों पर चला अनुशासन का डंडा, BJP को तंज कसने का फिर मिला मौका 

लाहौल और स्पीति के पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि भाजपा और कांग्रेस दोनों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए लेकिन कोई झड़प नहीं हुई तथा कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि हालांकि एक कार्यकर्ता के पैर में मोच आयी है। लाहौल-स्पीति के लिए कांग्रेस के चुनाव समन्वयक बिशन शाशनी ने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन तिब्बती आध्यात्मिक नेता के बारे में रनौत की टिप्पणी से आहत लोग विरोध में शामिल हो गए। इससे पहले, मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि रनौत स्पीति क्यों नहीं गईं और रिकांग पियो से क्यों लौट आईं? उन्होंने आरोप लगाया कि कंगना को डर है कि दलाई लामा के खिलाफ उनकी टिप्पणी के लिए उन्हें काले झंडे दिखाए जाएंगे।

IBC24 की अन्य बड़ी खबरों के लिए हमारे फेसबुक फेज को भी फॉलो करें

IBC24 की अन्य बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

Follow the IBC24 News channel on WhatsApp


लेखक के बारे में

सवाल आपका है.. पत्रकारिता के माध्यम से जनसरोकारों और आप से जुड़े मुद्दों को सीधे सरकार के संज्ञान में लाना मेरा ध्येय है। विभिन्न मीडिया संस्थानों में 10 साल का अनुभव मुझे इस काम के लिए और प्रेरित करता है। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रानिक मीडिया और भाषा विज्ञान में ली हुई स्नातकोत्तर की दोनों डिग्रियां अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने के लिए गति देती है।