नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों के दो कथित तस्करों को गिरफ्तार करते हुए लगभग दो करोड़ रुपये मूल्य की 299 ग्राम स्मैक जब्त की है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान रोहिणी के बुध विहार निवासी मानव (24) और संगम विहार निवासी हरीश चंद्र (24) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, स्मैक की तस्करी के संबंध में सूचना 20 फरवरी को प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए, एक टीम ने राज पार्क क्षेत्र में जाल बिछाया।
अभियान के दौरान मानव को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से 268 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
पुलिस हिरासत के दौरान, मानव ने कथित तौर पर अपने आपूर्तिकर्ता का नाम बताया, जिसके बाद 22 फरवरी को संगम विहार में छापेमारी की गई और चंद्र को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 31 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
इस बाबत स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश