हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, शिमला और दो जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, शिमला और दो जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, शिमला और दो जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी
Modified Date: March 29, 2026 / 09:55 pm IST
Published Date: March 29, 2026 9:55 pm IST

शिमला, 29 मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और लाहौल एवं स्पीति जिलों के ऊंचे इलाकों में रविवार को एक बार फिर बर्फबारी हुई, जबकि मध्य और निचले इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हुई।

शिमला मौसम विभाग ने मंडी, कुल्लू और शिमला जिलों के कुछ स्थानों पर सोमवार के लिए ओलावृष्टि, बिजली गिरने और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की ‘ऑरेंज’ चेतावनी जारी की है। राज्य में चार अप्रैल तक बारिश का दौर जारी रहने का भी पूर्वानुमान जताया गया है।

केलोंग में एक सेंटीमीटर बर्फ गिरी और गोंडला में भी हल्की बर्फबारी हुई। मनाली के बाहरी इलाके में स्थित अटल सुरंग के दक्षिणी प्रवेश द्वार पर भी बर्फबारी देखी गई।

बर्फबारी के कारण मनाली में सोलांग बैरियर से आगे छोटे वाहनों और दोपहिया वाहनों को जाने की अनुमति नहीं है और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि वे जरूरी न हो तो ऊंचे इलाकों की यात्रा करने से बचें।

राज्य में सबसे अधिक वर्षा कांगड़ा में दर्ज की गई, जहां 18.5 मिमी बारिश हुई। इसके बाद सोलन में 18.4 मिमी, मनाली में 15 मिमी, धर्मशाला में 9.3 मिमी, भुंतर में 8.2 मिमी, कल्पा में 5.4 मिमी, और शिमला में चार मिमी बारिश हुई।

इस महीने हिमाचल प्रदेश में अब तक 87.4 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य 108.8 मिमी से 20 प्रतिशत कम है।

भाषा आशीष रंजन

रंजन


लेखक के बारे में