सौर पैनल लगाने की योजना: रेखा गुप्ता ने पंजीकरण पोर्टल की शुरुआत की

Ads

सौर पैनल लगाने की योजना: रेखा गुप्ता ने पंजीकरण पोर्टल की शुरुआत की

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 10:20 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 10:20 PM IST

नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 2.30 लाख बिजली उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर मुफ्त सौर पैनल लगाने की योजना के पंजीकरण के लिए सोमवार को एक पोर्टल की शुरुआत की।

गुप्ता ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘पीएम सूर्य घर’ योजना के तहत ‘दिल्ली सौर पोर्टल’ की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर योजना के लिए पंजीकरण कराने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें मुफ्त में चीजें देने की राजनीति करती थीं, जबकि वर्तमान सरकार विकास की राजनीति करती है।

गुप्ता ने कहा कि मासिक तौर पर 400 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं के लिए तीन किलोवाट तक का सौर पैनल लगाने का पूरा खर्च दिल्ली सरकार वहन करेगी और इस श्रेणी से अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं और तीन किलोवाट से अधिक क्षमता का सौर पैनल लगाने पर दिल्ली और केंद्र सरकार मिलकर 1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी देगी।

उन्होंने कहा कि तीन किलोवाट तक का सौर पैनल लगाने की लागत में कोई अतिरिक्त अंतर आता होगा तो उसे भी सरकार द्वारा उपलब्ध सहायता के माध्यम से पूरा करने की व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया “यह पहल केवल व्यक्तिगत मकानों तक सीमित नहीं है। ग्रुप हाउसिंग सोसायटी के कॉमन एरिया और खुले स्थानों में सौर प्रणाली लगाने के लिए भी दिल्ली सरकार ने सहायता बढ़ाई है। इसके तहत सब्सिडी को 2,000 रुपये प्रति किलोवाट से बढ़ाकर 11,000 रुपये प्रति किलोवाट किया गया है।”

उन्होंने कहा कि दिल्ली में ऐसे परिवार भी हैं जिनके पास बड़े आकार की छत उपलब्ध नहीं है तथा ऐसे परिवार भी इस योजना का लाभ ले सकें इसके लिए 2 किलोवाट तक की छोटी सौर प्रणाली को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

गुप्ता ने योजना के अन्य विशेष प्रावधान की जानकारी देते हुए कहा कि शून्य से 200 यूनिट तक बिजली खपत वाली श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है तथा यदि ऐसे उपभोक्ता सौर पैनल लगाने के बाद अपनी बिजली खपत को कम करते हैं तो उन्हें वित्तीय प्रोत्साहन दिया जाएगा।

कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार उपभोक्ताओं को न सिर्फ मुक्त बिजली दे रही है बल्कि उनकी छत पर बिजली पैदा करने वाले सौर पैनल मुफ्त लगा रही है और इससे उनके लिए आय के साधन बना रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की इस पहल से दिल्ली ‘सौर ऊर्जा की राजधानी’ बनेगी।

दिल्ली सरकार ने पहले ऐलान किया था कि राष्ट्रीय राजधानी के 2.30 लाख उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर मुफ्त सौर ऊर्जा पैनल लगाएं जाएंगे।

सरकार का लक्ष्य है कि सौर ऊर्जा पैनल लगाने का काम मार्च 2027 तक पूरा किया जाए।

भाषा नोमान प्रशांत

प्रशांत