रामगढ़ (झारखंड), 27 नवंबर (भाषा) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को राज्य के 30 लाख प्रभावित किसानों के लिए प्रत्येक को 3,500 रुपये की प्रारंभिक सूखा राहत की घोषणा की।
राज्य सरकार ने 29 अक्टूबर को राज्य के 260 प्रखंडों में से 226 को सूखा प्रभावित घोषित किया था।
रामगढ़ जिले के लुकैयातांड इलाके में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘यह एक शुरूआती राहत होगी। उन्हें और अधिक राहत राशि मिलेगी क्योंकि हमारी सरकार ने केंद्र से सूखा राहत पैकेज की मांग की है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जल्द ही प्रभावित किसानों को प्रारंभिक राहत राशि वितरित करने के लिए गांव और पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे।’’
मुख्यमंत्री रविवार को अपने दादा सोबरन मांझी की 65वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने अपने पैतृक गांव पहुंचे थे।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश