दिल्ली पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून, कई इलाकों में मध्यम बारिश हुई
दिल्ली पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून, कई इलाकों में मध्यम बारिश हुई
नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में दस्तक दे दी जिससे राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में अच्छी खासी बारिश हुई।
इस बार मानसून दिल्ली में अपनी सामान्य आगमन तिथि 27 जून की तुलना में पांच दिन की देरी से पहुंचा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि 2021 के बाद यह पहली बार है जब मानसून ने जुलाई में दस्तक दी है। 2021 में मानसून 13 जुलाई को यहां पहुंचा था।
पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो दक्षिण-पश्चिम मानसून 2025 में 29 जून, 2024 में 28 जून, 2023 में 25 जून और 2022 में 30 जून को दिल्ली पहुंचा था।
आईएमडी ने आज दिल्ली के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान जताया है, और इस दौरान आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार, शनिवार और रविवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।
सुबह के समय राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में हवाओं के साथ रुक-रुक कर बारिश हुई और दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली।
आईएमडी के अनुसार, न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 100 दर्ज किया गया जो कि ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा खारी वैभव
वैभव

Facebook


