बालाघाट, गढ़चिरौली में आदिवासी बच्चों और छात्राओं की मौत की जांच के लिए विशेष समिति गठित हो: भूरिया

बालाघाट, गढ़चिरौली में आदिवासी बच्चों और छात्राओं की मौत की जांच के लिए विशेष समिति गठित हो: भूरिया

बालाघाट, गढ़चिरौली में आदिवासी बच्चों और छात्राओं की मौत की जांच के लिए विशेष समिति गठित हो: भूरिया
Modified Date: August 24, 2026 / 02:05 pm IST
Published Date: August 24, 2026 2:05 pm IST

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) कांग्रेस के आदिवासी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने सोमवार को कहा कि मध्य प्रदेश के बालाघाट में आदिवासी बच्चों और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में छात्राओं की मौत के मामलों की जांच के लिए विशेष समिति गठित की जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

उन्होंने यह भी कहा कि आदिवासी छात्रावासों का ‘सुरक्षा ऑडिट’ भी कराया जाए।

कांग्रेस नेता ने बालाघाट में आदिवासी बच्चों की कुपोषण एवं बीमारियों से मौत तथा गढ़चिरौली में सांप काटने से कुछ छात्राओं की मौत की घटनाओं का उल्लेख किया।

भूरिया ने संवाददाताओं से कहा कि बालाघाट में बैगा समुदाय के 22 आदिवासी बच्चों की कुपोषण और बीमारियों से मौत होना बेहद गंभीर मामला है।

उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में पिछले छह महीने से पोषण आहार नहीं मिल रहा है, निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करीब 20 किलोमीटर दूर है तथा 80 प्रतिशत से कम बच्चों का टीकाकरण हुआ है।

भूरिया का कहना था कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को 20 हजार रुपये की सहायता दी, लेकिन बच्चों की मौत के लिए व्यवस्था की खामियां जिम्मेदार हैं।

मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य भूरिया ने विधानसभा में अपने प्रश्न का सरकार द्वारा दिए गए उत्तर का हवाला देते हुए कहा कि राज्य सरकार के अनुसार कुपोषित बच्चों को प्रतिदिन केवल 12 रुपये का पोषण आहार दिया जाता है और आदिवासी ब्लॉकों के लिए इस मद में अलग बजट का प्रावधान नहीं है।

भूरिया ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में छात्रावास में सांप के काटने से तीन आदिवासी छात्राओं की मौत का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि सरकार को आदिवासी बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने मांग की, ‘‘बालाघाट और गढ़चिरौली में आदिवासी बच्चों की मौत के मामलों की जांच के लिए विशेष समिति गठित की जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो।’’

भाषा हक हक मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में