पुरी जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार का विशेष सर्वेक्षण
पुरी जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार का विशेष सर्वेक्षण
पुरी (ओडिशा), 20 जुलाई (भाषा) पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर के प्राधिकारियों ने भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा की वार्षिक रथयात्रा के बीच रत्न भंडार का विशेष सर्वेक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा सरकार द्वारा अनुमोदित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत यह प्रक्रिया रविवार को संपन्न कराई गई।
इस दौरान मुख्य रूप से देवताओं के लिए उपयोग किए जाने वाले आभूषणों की गिनती की गई और उनका वजन किया गया। मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों और उत्सवों के कारण यह प्रक्रिया 23 मई से स्थगित थी।
इन आभूषणों को पिछले महीने स्नान पूर्णिमा के अवसर पर देवताओं के विग्रहों से उतारा गया था।
श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक अरविंद पाढ़ी ने बताया कि विशेष सर्वेक्षण के दौरान जिन आभूषणों और सामग्रियों का सत्यापन किया गया, उनमें ‘राहु रेखा’, सोने-चांदी के सामान, चांदी की ‘रसिका’ तथा देवताओं से संबंधित अन्य आभूषण और सामग्री शामिल थीं।
पाढ़ी ने कहा कि पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई।
भाषा खारी सुरभि
सुरभि

Facebook


