जम्मू-कश्मीर पुलिस की विशेष टीम ने गांदरबल के जंगल से एक चरवाहे को बचाया

Ads

जम्मू-कश्मीर पुलिस की विशेष टीम ने गांदरबल के जंगल से एक चरवाहे को बचाया

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 09:52 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 09:52 PM IST

श्रीनगर, 21 जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर पुलिस की ‘स्पेशल ऑपरेशन टीम’ ने गांदरबल जिले के सुदूर और ऊंचे पहाड़ी इलाके में स्थित जंगल से रविवार को एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया जो गंभीर रूप से बीमार था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि नजीब खान को अंदेरवान इलाके में ‘कैंडलवा टॉप’ जंगल से बचाया गया। खान को दिल से जुड़ी गंभीर समस्या थी।

अपने मवेशियों को चराने के लिए खान ‘कैंडलवा टॉप’ के ऊपरी इलाकों में बने मौसमी ‘ढोक’ (पहाड़ी आश्रय गृह) में अपने दो बेटों के साथ रह रहे थे।

सीने में तेज दर्द और बिगड़ती सेहत के कारण खान घोड़े से अपने घर की ओर नीचे उतरने लगे थे।

प्रवक्ता के अनुसार, इलाके में नियमित गश्त के दौरान विशेष टीम को नजीब खान परेशानी की हालत में मिले। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए जवानों ने उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार और आपातकालीन दवाएं दीं।

जब इन कोशिशों के बावजूद उनकी सेहत और बिगड़ गई, तो विशेष टीम ने बचाव अभियान शुरू किया। ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी इलाके, घने जंगलों और सड़कों की कमी के कारण यह अभियान बहुत मुश्किल भरा रहा।

प्रवक्ता ने कहा कि पुलिसकर्मी बीमार व्यक्ति को बारी-बारी से अपने कंधों पर उठाकर खड़ी ढलान और मुश्किल रास्तों से गुजरे।

प्रवक्ता ने बताया कि लगभग पांच घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद टीम ने नजीब खान को दूर-दराज के दुर्गम इलाके से बाहर निकाला और एम्बुलेंस के जरिए उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

भाषा संतोष अविनाश

अविनाश