शृंगेरी पीठम ने स्कूली छात्रों के लिए राष्ट्रव्यापी रामायण परीक्षा की घोषणा की

Ads

शृंगेरी पीठम ने स्कूली छात्रों के लिए राष्ट्रव्यापी रामायण परीक्षा की घोषणा की

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 07:58 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 07:58 PM IST

चिकमगलुरू (कर्नाटक), 13 अप्रैल (भाषा) शृंगेरी शारदा पीठम ने घोषणा की कि वह पूरे देश के स्कूल के छात्रों के लिए राष्ट्रव्यापी ‘श्रीमद् रामायण परीक्षा-2026’ आयोजित करेगा। इस परीक्षा में छात्रों को 50,000 रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। मठ ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक बयान में कहा गया कि अपने शैक्षणिक पहल ‘बाला भारती’ के तहत आयोजित इस परीक्षा का उद्देश्य छात्रों को गर्मियों की छुट्टियों के दौरान रामायण से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करना और साथ ही सनातन धर्म के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।

बयान के अनुसार, प्रतियोगिता का आयोजन स्कूली कक्षाओं के आधार पर दो स्तरों में किया जाएगा।

पहला स्तर कक्षा चौथी से छठी तक के छात्रों के लिए खुला है, जबकि दूसरा स्तर कक्षा सातवीं से दसवीं तक के छात्रों के लिए है।

विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे, जिसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में 50,000 रुपये, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए क्रमशः 40,000 रुपये और 30,000 रुपये दिए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त 10,000 रुपये का विशेष पुरस्कार भी दिया जाएगा।

सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को शृंगेरी की प्रायोजित यात्रा का अवसर भी दिया जाएगा।

विजेताओं को प्रमाण पत्र, पदक, पुस्तकें और पहेलियां वितरित की जाएंगी।

परीक्षा का पहला चरण नौ मई को सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। इसके बाद के चरण, जिनमें क्वार्टर फाइनल, दूसरे स्तर का सेमीफाइनल और दोनों लेवल के फाइनल शामिल हैं, 23 और 24 मई को आयोजित किए जाएंगे।

वर्तमान में बाला भारती की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण खुले हैं, जिसमें छात्रों को अपनी सुविधानुसार परीक्षा केंद्र चुनने का विकल्प दिया गया है।

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत