सेंट स्टीफंस कॉलेज के 145 साल के इतिहास में पहली बार महिला प्राचार्य नियुक्त
सेंट स्टीफंस कॉलेज के 145 साल के इतिहास में पहली बार महिला प्राचार्य नियुक्त
नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के सेंट स्टीफंस कॉलेज ने अपने 145 वर्ष के इतिहास में पहली बार महिला प्राचार्य की नियुक्ति की है। एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार प्रोफेसर सुसान एलियास को कॉलेज का प्राचार्य नियुक्त किया गया है।
दिल्ली के बिशप एवं कॉलेज के अध्यक्ष राइट रेवरेंड डॉ. पॉल स्वरूप द्वारा हस्ताक्षरित इस अधिसूचना में कहा गया, “कॉलेज की सर्वोच्च परिषद को यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि प्रो. सुसान एलियास एक जून 2026 से कॉलेज की 14वीं प्राचार्य के रूप में कार्यभार संभालेंगी तथा वह इसकी पहली महिला प्राचार्य भी होंगी।”
एलियास के ‘लिंक्डइन प्रोफाइल’ के अनुसार, उन्होंने जनवरी से मई 2026 तक उत्तर प्रदेश के लखनऊ में स्थित चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में प्रो. वाइस चांसलर (शोध) के रूप में कार्य किया।
इससे पहले, उन्होंने अक्टूबर 2024 से दिसंबर 2025 तक हिंदुस्तान विश्वविद्यालय में निदेशक (शोध) के रूप में सेवाएं दीं।
उन्होंने वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में भी कई पदों पर कार्य किया है, जिनमें इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग स्कूल की प्रोफेसर और डीन, सेंटर फॉर एडवांस्ड डेटा साइंस में प्रोफेसर और उप निदेशक, तथा इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग स्कूल की एसोसिएट प्रोफेसर व विभागाध्यक्ष शामिल हैं।
सेंट स्टीफंस कॉलेज की स्थापना एक फरवरी 1881 को कैम्ब्रिज मिशन टू दिल्ली ने सोसाइटी फॉर द प्रोपेगेशन ऑफ द गॉस्पेल के सहयोग से की थी। सैमुअल स्कॉट ऑलनट इसके संस्थापक और पहले प्राचार्य थे।
भाषा पवनेश दिलीप
दिलीप

Facebook


