सेंट स्टीफंस कॉलेज एआई पर जोर देने के साथ ‘अगले युग’ के लिए तैयार: नवनियुक्त प्राचार्य सुसान एलियास
सेंट स्टीफंस कॉलेज एआई पर जोर देने के साथ ‘अगले युग’ के लिए तैयार: नवनियुक्त प्राचार्य सुसान एलियास
(अहेली दास)
नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) सेंट स्टीफंस कॉलेज कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर जोर देने के साथ अगले युग में प्रवेश करने के लिए तैयार है। यह बात नवनियुक्त प्राचार्य सुसान एलियास ने कही।
सुसान को मंगलवार को कॉलेज के 145 साल के इतिहास में पहली महिला प्राचार्य के रूप में नियुक्त किया गया।
एआई और अनुसंधान में एक दशक से अधिक का अनुभव रखने वालीं एलियास ने कहा, ‘‘यह मेरे लिए अपनी क्षमताओं का उपयोग करने और कॉलेज के छात्रों को एआई के लिए तैयार और क्वांटम तकनीक के प्रति जागरूक बनाने का एक बड़ा अवसर है।’’
एलियास ने कहा कि कॉलेज की खूबियों और विरासत को संरक्षित करते हुए वह अनुसंधान और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने पर ध्यान केंद्रित करेंगी।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया, ‘‘दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज ने हमेशा नेताओं और प्रतिभाशाली लोगों को पोषित किया है। लेकिन इसके अलावा भारत को अभी ऐसे शोधकर्ताओं, उद्यमियों और रोजगार सृजनकर्ताओं की आवश्यकता है जो अपने समय से आगे हों।’’
एलियास ने कहा कि वह पदभार ग्रहण करते ही प्रमाणपत्र स्तर के पाठ्यक्रम शुरू करना चाहती हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे छात्रों को क्वांटम कंप्यूटिंग युग में प्रवेश करने के लिए आवश्यक कौशल सीखने की जरूरत है, क्योंकि यही हमारा निकट भविष्य है।’’ उन्होंने कहा कि भारत ने दक्षिणी भाग में स्थित ‘क्वांटम वैली’ में पहले ही भारी निवेश किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं छात्रों और पूर्व छात्रों दोनों के लिए एआई में प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शुरू करने का इरादा रखती हूं, उदाहरण के लिए, जिस तरह डिजाइनरों, वकीलों और पत्रकारों के लिए पाठ्यक्रम हैं। हर कोई अपने क्षेत्र में आवश्यक कौशल सीख सकता है।’’
एलियास की लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, उन्होंने जनवरी से मई 2026 तक उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में प्रो वाइस चांसलर (अनुसंधान) के रूप में कार्य किया।
इससे पहले उन्होंने अक्टूबर 2024 से दिसंबर 2025 के बीच हिंदुस्तान विश्वविद्यालय में अनुसंधान निदेशक के रूप में कार्य किया।
उन्होंने वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में भी कई पदों पर कार्य किया है, जिनमें इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग स्कूल की प्रोफेसर और डीन, एडवांस्ड डेटा साइंस सेंटर में प्रोफेसर और उप निदेशक, और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग स्कूल की एसोसिएट प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष के पद शामिल हैं।
कॉलेज की आधिकारिक सूचना के अनुसार एलियास एक जून, 2026 को पदभार ग्रहण करेंगी।
भाषा संतोष अविनाश
अविनाश

Facebook


