स्टालिन ने मदुरै मेट्रो परियोजना को लेकर टिप्पणी के लिए फडणवीस पर साधा निशाना
स्टालिन ने मदुरै मेट्रो परियोजना को लेकर टिप्पणी के लिए फडणवीस पर साधा निशाना
(फाइल फोटो सहित)
चेन्नई, सात अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने मंगलवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह मदुरै मेट्रो परियोजना की मंजूरी को भाजपा विधायक के चुनाव से जोड़कर मतदाताओं को ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रहे हैं।
स्टालिन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘क्या महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का काम सौदेबाजी और ब्लैकमेल करना है? उनका कहना है कि मदुरै को मेट्रो तभी मिलेगी जब भाजपा का विधायक निर्वाचित होगा।’’
पोस्ट में यह भी सवाल उठाया गया कि क्या किसी अन्य राज्य के मौजूदा मुख्यमंत्री का तमिलनाडु आकर राजनीतिक सौदेबाजी करना उचित है।
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) प्रमुख ने पूछा कि क्या इस तरह से सौदेबाजी और ब्लैकमेल करना महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का काम है। स्टालिन ने कहा कि संविधान के तहत शपथ लेने वाले मुख्यमंत्री को विपक्षी शासित राज्य के दौरे के दौरान इस तरह की बातें करने में शर्म आनी चाहिए।
स्टालिन ने फडणवीस को सलाह दी कि इस तरह के बयान देने से पहले उन्हें तमिलनाडु सरकार की विकास संबंधी उपलब्धियों से अवगत होना चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘‘डबल इंजन’’ शासन को स्टालिन ने ‘‘डब्बा इंजन मॉडल’’ (खोखला या निष्प्रभावी) करार दिया। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि केंद्र सरकार द्वारा कोष आवंटन में कथित उपेक्षा के बावजूद, तमिलनाडु ने ‘‘द्रविड़ मॉडल’’ सरकार के तहत दोहरे अंकों की आर्थिक वृद्धि हासिल की है।
तमिलनाडु सरकार ने मदुरै की मेट्रो परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट जमा की, जिसे केंद्र सरकार ने यह कहते हुए वापस कर दिया था कि ये प्रस्ताव निर्धारित 20 लाख की आबादी की शर्त पूरी नहीं करते हैं।
भाषा आशीष मनीषा
मनीषा

Facebook


