लिंगानुपात में पिछड़े पांच जिलों में सुधार के लिए कदम उठाए जाएं : ओडिशा सरकार

Ads

लिंगानुपात में पिछड़े पांच जिलों में सुधार के लिए कदम उठाए जाएं : ओडिशा सरकार

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 09:42 AM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 09:42 AM IST

भुवनेश्वर, चार अगस्त (भाषा) ओडिशा सरकार ने लिंगानुपात के मामले में निचले पायदान पर रहे राज्य के पांच जिलों में निरीक्षण अभियान तेज करने, सभी अभिलेखों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने और व्यापक जनजागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

गर्भाधान-पूर्व एवं प्रसूति-पूर्व निदान तकनीक (पीसी-पीएनडीटी) अधिनियम के तहत गठित राज्य पर्यवेक्षी बोर्ड की बैठक में यह निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग की अध्यक्षता वाले इस बोर्ड ने लिंगानुपात के आधार पर नयागड, अनुगुल, ढेंकानाल, गंजाम और खुर्दा को राज्य के सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले पांच जिलों के रूप में चिह्नित किया है।

वहीं, जाजपुर को इस सूचकांक में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला जिला घोषित किया गया।

महालिंग ने कहा कि इन जिलों में लिंगानुपात में सुधार के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘लिंगानुपात में सुधार के लिए जिला अधिकारियों को निरीक्षण अभियान तेज करने, सभी अभिलेखों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने तथा व्यापक जनजागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।’’

मंत्री ने बताया कि जिला स्तरीय समितियों को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निरीक्षण और निगरानी बढ़ाई जाएगी।

भाषा खारी धीरज

धीरज