चाईबासा (झारखंड), 23 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु में फंसे झारखंड के 24 प्रवासी श्रमिक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप के बाद अपने घर लौटने के लिए ट्रेन में सवार हो गए हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के 24 श्रमिक कथित तौर पर नियोक्ता द्वारा घर लौटने की अनुमति नहीं दिये जाने के कारण फंस गए थे।
राज्य प्रवासी नियंत्रण प्रकोष्ठ की टीम लीडर शिखा लकड़ा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुख्यमंत्री ने ‘फंसे हुए’ प्रवासी श्रमिकों द्वारा साझा किए गए एक वीडियो संदेश का संज्ञान लिया तथा प्रकोष्ठ एवं पश्चिम सिंहभूम जिला प्रशासन को उन्हें सुरक्षित घर वापस लाने का निर्देश दिया।
लकड़ा ने कहा, “हमने तमिलनाडु में अपने समकक्षों से संपर्क किया और पश्चिम सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों के 24 प्रवासी श्रमिकों (पुरुष और महिला दोनों) के लिए रेल टिकट की व्यवस्था की। वे आज शाम तमिलनाडु के सलेम स्टेशन से टाटानगर के लिए ट्रेन में सवार हो गए।”
अधिकारी ने बताया कि सभी प्रवासी श्रमिक नमक्कल स्थित एक निजी कपड़ा कारखाने में काम कर रहे थे और कथित तौर पर कंपनी प्रबंधन उन्हें घर लौटने की अनुमति नहीं दे रहा था।
वीडियो में श्रमिकों ने आरोप लगाया कि उन्हें उचित भोजन नहीं दिया जाता है और घर लौटने की अनुमति भी नहीं है।
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश