लखनऊ अग्निकांड जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन हो : थरूर

Ads

लखनऊ अग्निकांड जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन हो : थरूर

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 01:15 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 01:15 PM IST

जम्मू, 23 जून (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने लखनऊ अग्निकांड में 15 लोगों की मौत पर मंगलवार को दुख जताया और कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों तथा नियमों का सख्ती से पालन किए जाने की आवश्यकता है।

जम्मू-कश्मीर के दौरे पर आए संसद की विदेश मामलों संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष ने समिति के चार दिवसीय अध्ययन दौरे के दूसरे चरण के तहत श्रीनगर रवाना होने से पहले यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘जिन परिवारों ने अपने प्रियजन को खोया है, उनके प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। इससे पहले दिल्ली में भी इसी तरह की घटना हुई थी। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि सुरक्षा मानकों और संबंधित नियमों का उचित ढंग से पालन हो, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।’’

समिति के जम्मू दौरे के बारे में उन्होंने कहा कि पूरा दौरा समाप्त होने के बाद समिति अपनी रिपोर्ट पेश करेगी।

थरूर ने कहा, ‘‘अब हम श्रीनगर जा रहे हैं, जहां हम उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। इसके बाद अगले दिन कारगिल जाएंगे और फिर लेह का दौरा करेंगे। पूरे दौरे के समापन के बाद हम अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।’’

कांग्रेस नेता का कहना था कि समिति केंद्रशासित प्रदेश में तीन विशिष्ट विषयों के अध्ययन के लिए आई है। इनमें भारत-पाकिस्तान संबंध, भारत-चीन संबंध तथा पासपोर्ट कार्यालयों और पासपोर्ट सेवा केंद्रों के कामकाज का अध्ययन शामिल है।

भाषा हक हक मनीषा

मनीषा