सख्तीः तमिलनाडु पुलिस ने सेलम में टीवीके की रैली को शर्तों के साथ अनुमति दी
सख्तीः तमिलनाडु पुलिस ने सेलम में टीवीके की रैली को शर्तों के साथ अनुमति दी
चेन्नई, 12 फरवरी (भाषा) करूर त्रासदी की पृष्ठभूमि में तमिलनाडु पुलिस ने अभिनेता-राजनेता विजय नीत तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की सेलम में प्रस्तावित रैली को शर्तों के साथ अनुमति दी है। इन शर्तों में प्रतिभागियों की संख्या सीमित करने और क्यूआर कोड आधारित प्रवेश पास अनिवार्य करना जैसे उपाय शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार 13 फरवरी को होने वाली इस बैठक में केवल 4,998 लोग ही क्यूआर कोड पास के साथ प्रवेश कर सकेंगे।
विजय की 27 सितंबर 2025 की करूर में आयोजित रैली में मची भगदड़ में 41 लोगों की मौत हो गई थी। इसके मद्देनजर पुडुचेरी पुलिस ने 13 फरवरी को केंद्र शासित प्रदेश में टीवीके रैली को 5,000 क्यूआर कोड पासधारकों तक सीमित करते हुए सशर्त अनुमति दी थी।
इस दौरान पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी तथा गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी।
टीवीके ने कहा कि पुलिस ने शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक सेलम के सीलनैक्कनपट्टी स्थित केवीपी गार्डन में बैठक की अनुमति दी है और पार्टी कार्यकर्ताओं से दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
पार्टी ने बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में कहा, ‘‘जिन पार्टी सदस्यों और आम लोगों को क्यूआर कोड पास प्राप्त नहीं हुआ है, वे कार्यक्रम स्थल पर आने से सख्ती से परहेज करें।’’
आयोजकों ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सोशल मीडिया मंचों पर करने की व्यवस्था की है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर 51 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और एंबुलेंस भी तैनात की जाएंगी।
भाषा राखी पवनेश
पवनेश

Facebook


