दिल्ली के अजमेरी गेट के पास छात्र पर धारदार हथियार से हमला, दो पकड़े गए

दिल्ली के अजमेरी गेट के पास छात्र पर धारदार हथियार से हमला, दो पकड़े गए

दिल्ली के अजमेरी गेट के पास छात्र पर धारदार हथियार से हमला, दो पकड़े गए
Modified Date: March 23, 2026 / 04:53 pm IST
Published Date: March 23, 2026 4:53 pm IST

नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) मध्य दिल्ली के अजमेरी गेट के पास परीक्षा देकर लौट रहे एक छात्र पर धारदार हथियार से हमला करने के आरोप में एक किशोर सहित दो युवकों को पकड़ा गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान सदर बाजार निवासी सुफियान (19)और 17 वर्षीय एक लड़के के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद शहर से भागने के दौरान आरोपियों को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया।

पुलिस उपायुक्त (मध्य) रोहित राजबीर ने कहा, ‘उन्हें 18 मार्च की शाम को आईपी एस्टेट थाने में चाकू से हमले के संबंध में सूचना मिली थी। घायल छात्र ‘एंग्लो अरेबिक स्कूल’ में पढ़ता है और वह ‘आंध्र शिक्षा सोसाइटी’ में परीक्षा देने गया था।’

उन्होंने बताया कि घायल छात्र को लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को रेलवे स्टेशन से पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि पीड़ित के साथ उनका पुराना विवाद था और परीक्षा वाले दिन उनकी कहासुनी हुई थी।

पुलिस के अनुसार, परीक्षा समाप्त होने के बाद आरोपी स्कूल गेट के पास इंतजार कर रहे थे। उन्होंने छात्र को रोका और उसके सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल धारदार औजार बरामद कर लिया गया है तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश


लेखक के बारे में