नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की दिल्ली इकाई के प्रभारी दीपक बाबरिया ने रविवार को घोषणा की कि पूर्व विधायक एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता सुभाष चोपड़ा को दिल्ली लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी की चुनाव प्रबंधन और समन्वय समिति का प्रमुख नियुक्त किया गया है।
दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चोपड़ा लोकसभा चुनाव के दौरान प्रचार अभियान की देखरेख के लिए गठित 18-सदस्यीय समिति का नेतृत्व करेंगे।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह निर्णय अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के नेताओं की मंजूरी के बाद लिया गया।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा, ‘‘सुभाष चोपड़ा के पास संसदीय चुनावों के लिए रणनीति और खाका तैयार करने का काफी अनुभव है और उनका अनुभव दिल्ली में लोकसभा चुनाव के प्रबंधन में बेहद फायदेमंद होगा।’’
उन्होंने कहा कि दिल्ली कांग्रेस लोकसभा चुनाव से पहले पिछले 10 वर्षों के दौरान दिल्ली के भाजपा सांसदों और भाजपा सरकार की ‘विफलताओं को उजागर’ करने के लिए एक आक्रामक अभियान चलाएगी।
भाषा संतोष सुरेश
सुरेश