महाराष्ट्र एफडीए ने आईआईटी मुंबई के दो मेस प्रतिष्ठानों को संचालन बंद करने का आदेश दिया

Ads

महाराष्ट्र एफडीए ने आईआईटी मुंबई के दो मेस प्रतिष्ठानों को संचालन बंद करने का आदेश दिया

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 12:31 AM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 12:31 AM IST

मुंबई, सात अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने शुक्रवार को कहा कि उसने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई के दो मेस प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर आवश्यक अनुमति और पंजीकरण नहीं होने का हवाला देते हुए उनका संचालन बंद करने को कहा है।

नियामक प्राधिकरण ने कहा कि मुंबई के पवई इलाके में स्थित आईआईटी के छात्रावास संख्या एक और दो के मेस प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इन खाद्य केंद्रों के संचालकों के पास आवश्यक अनुमति और पंजीकरण नहीं है। इसके बाद उन्हें संचालन बंद करने का निर्देश दिया गया।

छात्रावास संख्या 12, 13 और 14 की मेस सुविधाओं के निरीक्षण के दौरान एफडीए ने कुछ कमियां पाईं और भोजन आपूर्तिकर्ता को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार करने को कहा।

इस बीच, नए एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में राज्यभर में चलाए जा रहे खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत राज्य सरकार की एजेंसी ने कई भोजनालयों और रेस्तराओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।

भाषा तान्या नेत्रपाल

नेत्रपाल