‘विक्रम-1’ का सफल प्रक्षेपण भारत के लिए गर्व का दिन है: रेड्डी

‘विक्रम-1’ का सफल प्रक्षेपण भारत के लिए गर्व का दिन है: रेड्डी

‘विक्रम-1’ का सफल प्रक्षेपण भारत के लिए गर्व का दिन है: रेड्डी
Modified Date: July 18, 2026 / 03:46 pm IST
Published Date: July 18, 2026 3:46 pm IST

हैदराबाद, 18 जुलाई (भाषा) देश के पहले निजी कक्षीय रॉकेट ‘विक्रम-1’ के सफल प्रक्षेपण पर शहर की निजी कंपनी ‘स्काईरूट एयरोस्पेस’ को बधाई देते हुए तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शनिवार को कहा कि यह भारत के लिए गर्व का दिन है।

उन्होंने कहा कि हैदराबाद के लिए भी यह गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना वह जगह है, जहां अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत के सपनों को आकार मिलता है।

रेड्डी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हैदराबाद की अपनी कंपनी ‘स्काईरूट एयरोस्पेस’ द्वारा विकसित भारत के पहले निजी कक्षीय रॉकेट ‘विक्रम-1’ ने श्रीहरिकोटा से सफलतापूर्वक उड़ान भरी। तेलंगाना वह स्थान है, जहां अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत के सपनों को आकार मिलता है।’’

स्काईरूट की पूरी टीम को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि हैदराबाद का नवाचार तंत्र लगातार देश को भविष्य की ओर आगे बढ़ाने में नेतृत्व कर रहा है।

भारत में निजी क्षेत्र द्वारा विकसित पहले कक्षीय रॉकेट ‘विक्रम-1’ ने शनिवार को कई तकनीकी पेलोड और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पोस्टकार्ड समेत विभिन्न पोस्टकार्ड को सफलतापूर्वक पृथ्वी की निचली कक्षा में पहुंचाया।

‘मिशन आगमन’ नाम से संचालित इस मिशन के साथ भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र ने पहली बार उपग्रहों को पृथ्वी की कक्षा में स्थापित करने वाले वैश्विक बाजार में औपचारिक रूप से प्रवेश कर लिया।

कंपनी ने कहा कि यह मिशन ‘‘पूरी तरह सफल’’ रहा।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में