सुक्खू ने चंबा में 333 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

Ads

सुक्खू ने चंबा में 333 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 07:30 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 07:30 PM IST

शिमला, दो अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को चंबा विधानसभा क्षेत्र के लिए 333.25 करोड़ रुपये की लागत वाली 26 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

सुक्खू ने 158 करोड़ रुपये की लागत से बने पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के 200 बिस्तरों वाले भवन का उद्घाटन किया। इसके अलावा शाहपुर-सिहुंता-चौवाड़ी-चंबा सड़क, परेल से कोहलारी सड़क, परेल के रास्ते चंबा-बनीखेत सड़क, लड्डू से घरमानी सड़क, सहरान रान सड़क, भनेरा-देवीदेहरा-रठियार से मणकोट सड़क के उन्नयन और करियां भरियां कोठी सड़क पर रावी नदी के ऊपर बने बॉक्स गर्डर पुल का भी लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने सच फतेहपुर सड़क पर भगत में 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वाहन पार्किंग के पहले चरण के निर्माण कार्य और कई गांवों को जोड़ने वाली संपर्क सड़कों की आधारशिला भी रखी।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि चंबा स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें एक नई एक्स-रे मशीन, लेप्रोस्कोपिक उपकरण, सीटी स्कैन मशीन और नयी दिल्ली स्थित एम्स की तर्ज पर 3-टेस्ला एमआरआई मशीन जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।

मुख्यमंत्री ने चंबा मेडिकल कॉलेज के नाम से प्रसिद्ध पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज के शिक्षकों और विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान कॉलेज प्रशासन को तत्काल 20 आईसीयू बेड स्थापित करने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा, ‘‘एक बार कॉलेज में शिक्षकों की संख्या बढ़ने के बाद सरकार यहां रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू करने की संभावना पर भी विचार करेगी।’’

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले 10 दिनों के भीतर चंबा मेडिकल कॉलेज में 40 स्टाफ नर्स की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चंबा मेडिकल कॉलेज में पहले ही हृदय रोग विभाग (कार्डियोलॉजी विभाग) की स्थापना कर चुकी है।

भाषा अमित धीरज

धीरज