पेगासस जासूसी मामले में उच्चतम न्यायालय को स्वत: संज्ञान लेकर जांच के आदेश देने चाहिए: गहलोत

Ads

पेगासस जासूसी मामले में उच्चतम न्यायालय को स्वत: संज्ञान लेकर जांच के आदेश देने चाहिए: गहलोत

  •  
  • Publish Date - July 19, 2021 / 01:47 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:38 PM IST

जयपुर, 19 जुलाई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को कहा कि कथित पेगासस जासूसी मामले में उच्चतम न्यायालय को स्वत: संज्ञान लेकर तत्काल जांच के आदेश देने चाहिए जिससे इस तरह आरोप-प्रत्यारोप की जगह सच्चाई सामने आ जाएगी।

गहलोत ने ट्वीट के जरिये कहा, ‘‘जिस तरह से इजरायली स्पाइवेयर पेगासस से मोबाइल हैकिंग और जासूसी की खबरें आ रही हैं वह बहुत चिंताजनक और चौकाने वाली हैं। अब जासूसी किए गए लोगों की सूची में तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का भी नाम आ गया है। अभी पता नहीं यह सूची कहां जाकर रुकेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ वर्ष 2019 में दिग्विजय सिंह ने जब राज्यसभा में यह मुद्दा उठाया था तब सरकार में ईमानदारी होती तो इसे गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच करवाती। देशभर में पिछले कुछ वर्षों से लगातार यह चर्चाओं में है कि लोगों को सर्विलांस पर रखकर उनके फोन टैप करवाकर जासूसी की जा रही है।’’

उन्होंने आगे कहा कि जैसा बताया गया है कि स्पाइवेयर पेगासस बनाने वाली कंपनी के अनुसार यह सॉफ्टवेयर सिर्फ सरकारों को ही बेचा जाता है। यह एक अत्यंत गंभीर विषय है जिसकी सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए।

भाषा कुंज शफीक