नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने लश्कर-ए-तैयबा के संदिग्ध आतंकवादी शब्बीर अहमद लोन को सोमवार को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
न्यायिक मजिस्ट्रेट विजयश्री राठौर ने दिल्ली पुलिस की उस याचिका को स्वीकार कर लिया, जिसमें लोन को पूछताछ के लिए पांच दिन की हिरासत में सौंपने का अनुरोध किया गया था।
दिल्ली पुलिस ने लोन को “कट्टर और उच्च प्रशिक्षित आतंकवादी” बताते हुए कहा कि उसके पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ‘इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस’ (आईएसआई) के इशारे पर काम करने वाले आतंकवादियों के साथ कथित संबंध थे।
पुलिस ने कहा, “राजा और कश्मीरी जैसे उपनामों से जाना जाने वाला लोन जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर का रहने वाला है। वह कथित तौर पर उस मॉड्यूल के आका के रूप में काम कर रहा था, जो दिल्ली और कोलकाता में कई जगहों पर राष्ट्र-विरोधी पोस्टर लगाने के मामले में शामिल था।”
पुलिस के मुताबिक, विशेष प्रकोष्ठ की नयी दिल्ली रेंज की एक टीम ने लोन को रविवार रात गाजीपुर इलाके से गिरफ्तार किया।
लोन मेट्रो स्टेशन के पास राष्ट्र-विरोधी पोस्टर लगाने के मामले में शामिल उस लश्कर मॉड्यूल के सिलसिले में वांछित था, जिसका हाल ही में भंडाफोड़ किया गया था।
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप