बालुरघाट, दो सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए बुधवार को बालुरघाट में प्रतिबंधित कफ सिरप की करीब दो लाख बोतलों को स्वयं रोड रोलर चलाकर नष्ट किया।
अधिकारी ने केंद्रीय मंत्री और बालुरघाट से सांसद सुकांत मजूमदार के साथ दक्षिण दिनाजपुर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के बाहर कतार में रखी गई कफ सिरप की बोतलों पर रोड रोलर चलाया। इस दौरान राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत मुखोपाध्याय भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्रवाई देश के युवाओं को नशे की लत से दूर रखने के प्रयासों का हिस्सा है।
उन्होंने कहा, ‘इसके माध्यम से मेरा पहला संदेश यह है कि हमें युवाओं को नशे की लत से बाहर निकालना होगा।’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नशामुक्त भारत अभियान का उल्लेख करते हुए अधिकारी ने कहा कि यह पहल ‘बेहद प्रासंगिक और समयानुकूल’ है।
उन्होंने कहा, ‘हमारी सरकार के सत्ता में आने के बाद से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। पिछले चार महीनों में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर इन मादक पदार्थों को जब्त किया था। आज हमने इन्हें प्रतीकात्मक रूप से नष्ट किया है। हम पश्चिम बंगाल को नशामुक्त बनाएंगे, यही संदेश है।’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पहले दिनाजपुर में बीएसएफ और पुलिस के बीच कोई तालमेल नहीं था क्योंकि बीएसएफ के साथ शत्रु की तरह बर्ताव किया जाता था। पिछले चार माह में इन मादक पदार्थों को संयुक्त अभियान के जरिये जब्त किया गया।’’
अधिकारी ने बालुरघाट में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाने की भी घोषणा की।
भाषा
शुभम माधव
माधव